मणिमहेश यात्रा के लिए अब घर बैठे बुक होगी हेली टैक्सी, न्यास की बैठक में लिया निर्णय

चंबा। मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। अब श्रद्धालुओं को हेली टैक्सी की बुकिंग भरमौर जाकर करवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मणिमहेश न्यास ने हेली टैक्सी सेवा की बुकिंग को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब श्रद्धालु घर बैठे ऑनलाइन मणिमहेश मंदिर न्यास पोर्टल के माध्यम से हेली टैक्सी के लिए टिकट बुक करवा सकते हैं। पहले श्रद्धालुओं को टिकट बुक करने के लिए भरमौर पहुंचना पड़ता था और घंटों कतार में लगना पड़ता था, लेकिन अब यह झंझट ही खत्म हो गया है।

मणिमहेश न्यास की बैठक में ये निर्णय लिया गया है। इतना ही नहीं अब हेली टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी का एग्रीमेंट एक साल नहीं बल्कि सीधे तीन साल के लिए किया जाएगा। इससे किराये में कमी आने की भी संभावना जताई जा रही है। अभी तक श्रद्धालुओं को लगभग 4,000 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। लंबी अवधि के करार से लागत कम होने की भी उम्मीद है। मणिमहेश यात्रा को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए मणिमहेश न्यास ट्रस्ट प्रयास कर रहा है। हेली टैक्सी सेवा के लिए ऑफ लाइन बुकिंग बंद होने और ऑन लाइन बुकिंग होने से श्रद्धालुओं को घर बैठे बुकिंग की सुविधा, समय और पैसे की बचत, लंबी कतारों से छुटकारा, यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

मणिमहेश न्यास के अध्यक्ष और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग से भीड़ नियंत्रण में रहेगी और यात्रा अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी। आने वाले समय में इस व्यवस्था को और भी बेहतर बनाने की योजना है। मणिमहेश यात्रा 15 अगस्त से शुरू होगी और 31 अगस्त तक चलेगी।

Share the news