मनाली-कलाथ मार्ग पर जल्द सुधरेंगी सड़कें, विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश

कुल्लू:
उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और जल शक्ति विभाग कटराईं के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनाली से कलाथ के बीच भूमिगत सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि प्रभावित सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाए, ताकि एनएचएआई द्वारा प्रस्तावित टारिंग कार्य समय पर शुरू हो सके और आम जनता को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि मंगलवार को सभी प्रभावित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा, जिससे जमीनी हकीकत का आकलन कर प्रभावी योजना बनाई जा सके।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़कें आम जनजीवन की मूलभूत आवश्यकता हैं और उनकी खराब स्थिति से लोगों को भारी परेशानी होती है, खासकर पर्यटन नगरी मनाली में, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिल सके।

बैठक में एनएचएआई के सुपरविजन कंसल्टेंट अशोक चौहान, एसडीओ जल शक्ति विभाग दीक्षांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा,

Share the news