
हरलीन दयोल का इंडिया-ए टीम में चयन हुआ है। जबकि सुषमा वर्मा और रेणुका सिंह ठाकुर को इंडिया-डी टीम में जगह मिली है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
18 नवंबर 2022
छत्तीसगढ़ के रायपुर में 20 नवंबर से शुरू हो रही महिला टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी में हिमाचल की खिलाड़ी आपस में ही भिड़ते हुए नजर आएंगी। अखिल भारतीय महिला चयन समिति ने वीरवार को सीनियर महिला टी20 चैलेंजर ट्रॉफी 2022 के लिए टीमों की घोषणा की। हिमाचल प्रदेश की हरलीन दयोल का इंडिया-ए टीम में चयन हुआ है। जबकि सुषमा वर्मा और रेणुका सिंह ठाकुर को इंडिया-डी टीम में जगह मिली है। इंडिया-ए टीम में हरलीन को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं रेणुका सिंह ठाकुर इंडिया-डी टीम की अहम गेंदबाज होंगी और सुषमा वर्मा विकेटकीपर होंगी।
भारतीय महिला टीम 2023 की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका में महिला टी 20 विश्व कप में भाग लेंगी। चैलेंजर ट्रॉफी हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली नेशनल टीम बनाने के लिए प्रारंभिक टूर्नामेंट के रूप में काम करेगी। प्र्रतियोगिता में चार टीमों – भारत ए, भारत बी, भारत सी और भारत डी की घोषणा की गई है, जिसमें प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी शामिल हैं। टूर्नामेंट 20 नवंबर को रायपुर में शुरू होगा, जिसमें टीमें एकल राउंड-रॉबिन प्रारूप में भाग लेंगी, जिसके बाद 26 नवंबर को रायपुर में फाइनल होगा।
एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि चैलेंजर ट्रॉफी में प्रदेश की दो खिलाड़ियों हरलीन दयोल और सुषमा वर्मा का चयन हुआ है। एचपीसीए की पूर्व खिलाड़ी रेणुका सिंह भी सुषमा वर्मा के साथ इंडिया-डी टीम में खेलती नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि यह खिलाड़ी अपने बेहतर खेल का प्रदर्शन करेंगी।
कब-कब होंगे मैच
दिनांक टीमें स्थान समय
1. 20 नवंबर इंडिया-ए व इंडिया-सी रायपुर सुबह 11 बजे
2. 20 नवंबर इंडिया-बी व इंडिया-डी रायपुर शाम 4:30 बजे
3. 22 नवंबर इंडिया-ए व इंडिया-बी रायपुर सुबह 11 बजे
4. 22 नवंबर इंडिया-सी व इंडिया-डी रायपुर शाम 4:30 बजे
5. 24 नवंबर इंडिया-ए व इंडिया-डी रायपुर सुबह 11 बजे
6. 24 नवंबर इंडिया-बी व इंडिया-सी रायपुर शाम 4:30 बजे
5. 26 नवंबर फाइनल मुकाबला रायपुर शाम 4:30 बजे





