
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
11 फरवरी 2023

हिमाचल के सिरमौर स्थित पुरुवाला थाने के रामनगर में मायके आई विवाहिता ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह पिता की घासनी से लकड़ी लेने के लिए गई थी। पेड़ से लटके देख ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी मनीषा (21) पुत्री तेदिया राम की शादी डेढ़ साल पहले गांव बकिला तहसील कालसी, जिला देहरादून, उत्तराखंड निवासी कुंदन सिंह के साथ हुई थी। पिता के मुताबिक अभी बेटी के कोई औलाद नहीं थी। बेटी व दामाद शुक्रवार को रामनगर आए थे। आज सुबह पिता व पति दिहाड़ी के लिए अपने-अपने काम पर चले गए।
जबकि मनीषा घर से करीब आधा किलोमीटर दूर पिता की घासनी से लकड़ी लेने के लिए दरांती व प्लास्टिक की रस्सी लेकर निकली थी। इस दौरान ग्रामीणों ने उसे घासनी में पेड़ से रस्सी से लटकते हुए देखा। जिसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना पर परिजन खेतों पर पहुंचे। साथ ही पुलिस भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता तेदिया राम के अनुसार बेटी को मायके व ससुराल पक्ष से कोई भी परेशानी नहीं थी। पति-पत्नी आपस में खुश थे। वहीं, पांवटा साहिब DSP रमाकांत ठाकुर ने भी मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





