
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
6 मई 2023

वेलफेयर एसोसिएशन चम्बा की मासिक बैठक शनिवार को प्रधान ओमप्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चम्बा शहर की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान प्रधान ओम प्रकाश ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा की लचर व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि जब क्षेत्रीय अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा दिया गया था तो लोगों को उम्मीद थी कि यहां पर उचित स्वास्थ्य सुविधाएं जिले भर के लोगों को मिलेंगी। लेकिन अब तक इन उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। स्टाफ के विभिन्न पद रिक्त होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज से चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों के के तबादलों का सिलसिला जारी है। यदि यही हालात रहे तो मेडिकल कॉलेज चम्बा बंद हो जाएगा। उन्होंने जल्द से जल्द मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुधारने की मांग उठाई है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने पठानकोट- भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर भी रोष जताया। उन्होंने कहा कि मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं और इस मार्ग पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। किसी भी समय व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता है।
बैठक में नगर परिषद से चौगान नंबर- 5 के सौंदर्यीकरण को लेकर उचित कदम उठाने और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने की मांग भी की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ उपप्रधान ईश्वरी प्रसाद, महासचिव सुरेश कश्मीरी, उपप्रधान विजय नैय्यर, प्रवक्ता एस पी वैद, प्रेस सचिव चैन लाल शर्मा सहित कई अन्य मौजूद रहे।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





