
#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*
10 अगस्त 2024

शाहपुर विस क्षेत्र के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विधायक प्राथमिकता में इस एक्सप्रेस-वे को शामिल करने को लेकर लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं। साथ ही वन विभाग को भी निर्देश दिए हैं कि जहां भी सड़क के निर्माण के लिए वन भूमि आती है, उसकी क्लीयरेंस के लिए औपचारिकताएं पूरी करें। उपायुक्त कांगड़ा की देखरेख में इस एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट की फाइल को शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर बीते दिनों संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक भी हो चुकी है।
यह रहेगा मैक्लोडगंज से डलहौजी का रूट
मैक्लोडगंज से सतोवरी तक पहले ही पक्की सड़क बन चुकी है। बरनेट के लिए भी सड़क निकल चुकी है। इसके आगे का हिस्सा शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। आगे यह सड़क बरनेट, घेरा, रिडकमार, कुठारना, नोहली और धौलारा से होते हुए चंबा जिला के पर्यटन स्थल डलहौजी से जुड़ेगी। वर्तमान में डलहौजी के लिए मैक्लोडगंज से धर्मशाला, शाहपुर, द्रम्मण, नूरपुर से होकर जाना पड़ता है, जोकि काफी लंबा सफर है।
इस एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का धारकंडी क्षेत्र का अधिकतर हिस्सा कवर होगा। वर्तमान में यहां कई गांव ऐसे हैं जो सड़क सुविधा से वंचित हैं। वर्तमान में यहां के लोगों के लिए रोजगार के कोई विशेष साधन नहीं हैं। यहां के लोग या तो पशुपालन व्यवसाय से जुड़े हैं या फिर धर्मशाला या मैक्लोडगंज आकर दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। इस एक्सप्रेस-वे के बनने से शाहपुर का धारकंडी क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा, जिससे लोगों के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।





