
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
13 फरवरी 2023
सोलन जिले में स्थानीय सब्जियां अब पूरी तरह से खत्म हो चुकी हैं। इसके चलते रविवार को पुराने बस अड्डे में लगने वाली जनता सब्जी मंडी में पंजाब से सब्जियां पहुंचीं। हालांकि इन बेमौसमी सब्जियों की मंडी में अधिक मांग रही। मंडी में 10 से लेकर 80 रुपये किलो तक सब्जियां बिकीं। दाम सस्ते होने पर लोगों ने जमकर मंडी में सब्जियों की खरीदारी की। बेमौसमी सब्जियां हाथोंहाथ बिक गई। इसके विपरीत प्रदेश में पैदा होने वाली मौसमी सब्जियों को ग्राहक नहीं मिल रहे हैं। किसानों को औने पौने दामों में ही अपने उत्पाद बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदेश में इन दिनों पैदा होने वाली सब्जियों में बंद गोभी, फूल गोभी, शलगम, मूली, मैथी, पालक बाजार में बुरी तरह पिट रही हैं। गोभी, शलगम तो कोई पांच रुपये किलो भी खरीदने के लिए तैयार नहीं, जबकि यहां पैदा होने वाली सब्जियां मैदानी इलाकों से आने वाली सब्जियों से गुणवत्ता में कहीं बेहतर है। मौसमी सब्जियों के दामों में गिरावट से किसान हताश हो चुके हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





