
कुल्लू/नई दिल्ली:
खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच फारस की खाड़ी में तैनात भारतीय कैप्टन रमन कपूर ने एक भावुक संदेश जारी कर वैश्विक समुदाय से नाविकों (सीफेयरर्स) की सुरक्षा और योगदान को प्राथमिकता देने की अपील की है।
कैप्टन रमन कपूर ने अपने संदेश में कहा कि वे और उनके जैसे हजारों नाविक युद्ध जैसे हालात के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उनकी चुनौतियां अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। उन्होंने कहा,
“नमस्ते, मैं कैप्टन रमन कपूर हूं और दुनिया भर के सभी नाविकों की ओर से बात कर रहा हूं। इस समय हम फारस की खाड़ी के युद्ध क्षेत्र के बीच बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि पूरी दुनिया खाड़ी देशों में चल रहे तनाव, तेल-गैस की कीमतों, उर्वरकों और शेयर बाजारों पर नजर रख रही है, लेकिन समुद्र में काम कर रहे नाविकों की स्थिति पर कम ध्यान दिया जाता है।
कैप्टन कपूर ने कहा,
“हम सिर्फ नाविक नहीं हैं, हम वैश्विक व्यापार के रक्षक हैं। हमारी भूमिका भले ही सुर्खियों में न आए, लेकिन अंतरराष्ट्रीय वाणिज्य की रीढ़ हम ही हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाविकों को युद्ध जैसी परिस्थितियों के लिए प्रशिक्षित नहीं किया जाता, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
अंत में उन्होंने वैश्विक समुदाय से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि दुनिया नाविकों के योगदान को पहचाने और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दे। साथ ही सभी के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “भगवान सभी का भला करे।”
विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की सलामती वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय व्यापार का बड़ा हिस्सा समुद्री रास्तों से संचालित होता है।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा





