
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*
22 जुलाई 2023
थाना बैजनाथ के अंतर्गत उपतहसील चढ़ियार के चोरडू गांव के युवक की वीरवार रात को टांडा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को युवक के अंतिम संस्कार से पहले उसके परिजनों ने सड़क पर उतर प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। अक्षय कुमार निवासी चोरडू लंबे समय से क्षेत्र की एक लड़की से संपर्क में था। बुधवार को स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने लड़की के पिता की दुकान, जिसका शटर बंद था, के अंदर से शोर-शराबे की आवाज सुनकर शटर खोला तो अंदर लड़का बेहोश पड़ा मिला। इस दौरान पाया गया कि उसकी कलाई की नसें कटी हुई थी और मुंह और सिर पर चोट के निशान थे। दुकान के अंदर लड़की के ताया, भाई और लड़की खुद मौजूद थी। मौके पर मौजूद लोग लड़के को बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल चढ़ियार ले गए, वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा अस्पताल रेफर कर दिया।
जहां वीरवार रात को लड़के की मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। लड़के के परिजनों ने पुलिस में बयान दिया है कि उनके लड़के की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर जब परिजन बाजार पहुंचते तो उन्होंने लड़की के पिता की दुकान के बाहर जमकर हंगामा और विरोध-प्रदर्शन किया और लड़की के परिजनों पर उनके बेटे की हत्या के आरोप जड़े। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें इंसाफ दिलाने की मांग की। वहीं, थाना प्रभारी बैजनाथ सुरेंद्र पाल ने कहा कि लड़के के परिजनों के बयान ले लिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पूरी तहकीकात के बाद ही पता चलेगा कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या। उसके बाद ही पुलिस आगामी मुकदमा कार्रवाई करेगी। वहीं, इस संदर्भ में एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने अभी तक धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगर कुछ संदिग्ध पाया गया तो धारा में बदलाव किया जा सकता है।
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*





