

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
6 दिसंबर 2022
रहेगा पेयजल का संकट
बिजली कट से सबसे बड़ी गुम्मा पेयजल परियोजना में मंगलवार को बंद रहेगी पंपिंग
कई इलाकों में नहीं आएगा पानी, कंपनी ने जारी किया शेड्यूल
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में मंगलवार और बुधवार को पानी का संकट रहेगा। बिजली कट के चलते शहर की सबसे बड़ी पेयजल परियोजना गुम्मा से मंगलवार को दिनभर राजधानी के लिए पानी की सप्लाई बंद रहेगी। इसके चलते शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई नहीं मिल पाएगी।
पेयजल कंपनी ने पानी का शेड्यूल जारी कर दिया है। कंपनी के अनुसार बिजली बोर्ड ने गुम्मा क्षेत्र में मरम्मत कार्य के चलते बिजली आपूर्ति मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रखने का फैसला लिया है। ऐसे में गुम्मा से शिमला के लिए पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पाएगी। गुम्मा पेयजल परियोजना से शिमला शहर को रोजाना औसतन 20 एमएलडी पानी की आपूर्ति होती है। सोमवार को सभी परियोजनाओं से शहर को 45.33 एमएलडी पानी मिला है। कंपनी का दावा है कि सोमवार को शहर के तकरीबन सभी इलाकों में पानी की आपूर्ति कर दी है। मंगलवार सुबह तक गुम्मा से ज्यादा से ज्यादा पानी सप्लाई करने का प्रयास रहेगा ताकि शहर के स्टोरेज टैंक भरे जा सके।
कंपनी के एजीएम पीपी शर्मा ने कहा कि गुम्मा से पानी न मिलने के कारण मंगलवार को कुछेक इलाकों में पानी नहीं दिया जाएगा। इन इलाकों में बुधवार को प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई दी जाएगी। लोगों से अपील है कि वह पानी का सदुपयोग करें।
आज इन इलाकों में नहीं आएगा पानी
पेयजल कंपनी की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार शहर के लक्कड़ बाजार, यूएस क्लब, चौड़ा मैदान, बालूगंज, घोड़ाचौकी, अनाडेल, इंजनघर, बंगाला कालोनी, नवबहार, समिट्री और कनलोग में मंगलवार को पानी नहीं आएगा। इन क्षेत्रों में बुधवार सुबह पानी दिया जाएगा। मंगलवार और बुधवार दोनों दिन पेयजल उपलब्धता के आधार पर शहर में पानी दिया जाएगा।





