राजधानी शिमला में हफ्ते के पहले ही दिन सड़कों पर वाहनों की रफ्तार रही धीमी, सर्कुलर सड़क पर रेंगते रहे वाहन

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

7 मार्च 2023

राजधानी शिमला में हफ्ते के पहले ही दिन सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सर्कुलर सड़क पर वाहन रेंगते रहे। लोग ऑफिस ऑवर्स में लगे जाम में फंसे रहे। इससे स्कूल, कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित आम जनता को भी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, पुलिस जवान सड़कों पर यातायात बहाली में जुटे रहे। पुलिस के मुताबिक सुबह के समय वाहनों की आवाजाही ज्यादा होने से सड़कें वाहनों से पैक हो गईं। इस दौरान यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए वाहनों को धीरे-धीरे छोड़ा गया।

शहर में लोगों को जाम की सबसे ज्यादा परेशानी सुबह के समय ऑफिस ऑवर्स के दौरान हुई। शहर के प्रवेशद्वार टूटीकंडी क्राॅसिंग में वाहनों की कतार घोड़ा चौकी तक पहुंच गई। ओल्ड बैरियर से रविंद्र सुबह 9:00 बजे निजी बस में ओल्ड बस स्टैंड के लिए बस में सवार हुए थे। उन्होंने बताया कि मैहली में उनकी दुकान है। टूटीकंडी क्राॅसिंग पर ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग करने से जाम लगा रहा है। कहा कि जाम के कारण वह सामान लेने लोअर बाजार नहीं जा पाए। 10:15 बजे के करीब बस ओल्ड बस स्टैंड पहुंची। विक्ट्री टनल, ताराहाल, लक्कड़ बाजार, ऑकलैंड टनल, आईजीएमसी सड़क पर भी जाम की समस्या पेश आई। कुफ्टाधार निवासी प्रशोत्तम ने बताया कि स्टेट बैंक के पास निर्माण कार्य और लक्कड़ बाजार की तरफ से आ रहीएक साथ बड़ी बसों की आवाजाही से जाम की समस्या पेश आ रही है। इस दौरान छोटा शिमला, टालैंड सड़क, संजौली बाजार, खलीनी-बीसीएस सड़क पर भी वाहन धीरे-धीरे रेंगते हुए आगे बढ़े। एसपी संजीव गांधी खुद जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सर्कुलर रोड का निरीक्षण करते रहे। उन्होंने लिफ्ट के पास पुलिस कर्मियों को यातायात व्यवस्था को लेकर उचित निर्देश दिए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news