राजनीति में पति की बैकबोन थीं सिम्मी अग्निहोत्री, मुकेश की जीत में निभाई अहम भूमिका

#खबर अभी अभी हरोली ब्यूरो*

11 फरवरी 2024

Prof. Simmi Agnihotri was her husband's backbone in politics. played an important role in Mukesh's victory.

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के राजनीतिक जीवन में प्रो. सिम्मी बैकबोन थीं। प्रो. सिम्मी को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के राजनीतिक कार्यक्रमों में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हुए अकसर देखा जाता था। आकस्मिक निधन से मुकेश अग्निहोत्री और बेटी आस्था पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रो. सिम्मी हरोली की जनता को अपना परिवार मानती थीं और उनके दुख-सुख में हमेशा खड़ी रहती थीं। विधानसभा चुनाव के दौरान मुकेश अग्निहोत्री जब प्रदेश की राजनीति में पार्टी की जीत को लेकर सक्रिय थे, तो उस वक्त प्रो. सिम्मी और बेटी आस्था ने ही हरोली की जनता से सीधा संपर्क साधे रखा और मुकेश की चुनावी जीत में अहम भूमिका निभाई।

प्रो. सिम्मी का माता चिंतपूर्णी के प्रति गहरी आस्था थी। विधानसभा चुनाव में मुकेश अग्निहोत्री की धमाकेदार जीत के दौरान प्रो. सिम्मी ने हरोली से पैदल यात्राकर माता चिंतपूर्णी सहित अन्य शक्तिपीठों में शीश निभाया था। वहीं, 12 फरवरी को उन्होंने बाथू में माता का जागरण रखा हुआ था, मौत के कुछ घंटे पहले वह स्वयं ही माता के जागरण की तैयारियों में जुटी हुई थीं। प्रो. सिम्मी की अंतिम यात्रा के दौरान मुकेश अग्निहोत्री और बेटी आस्था ने पार्थिव देह को कंधा देकर मुखाग्नि दी। उनके आकस्मिक निधन से हरोली सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
चंडीगढ़ जाते हुए रास्ता में तोड़ा था दम 
गत शुक्रवार दोपहर को डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री अपने घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई। जिसकी जानकारी बेटी आस्था अग्रिहोत्री ने शिमला में कैबिनेट की मीटिंग ले रहे डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को दी। जिसके बाद डिप्टी सीएम के भाई डॉक्टर राकेश अग्निहोत्री गोंदपुर जयचंद पहुंचे और सिम्मी अग्निहोत्री की तबीयत चेक कर अपने अस्पताल ले आएं। जहां से उन्हें चंडीगढ़ स्थित मैक्स अस्पताल ले जाने का फैसला लिया गया। इसी बीच डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी शिमला से वापस घर की लौट पड़े। बताया जा रहा है कि सिम्मी अग्निहोत्री को चंडीगढ़ ले जाते हुए डिप्टी सीएम नंगल में मिल गए और साथ ही आगे चल पड़े। लेकिन सिम्मी अग्निहोत्री अचेत थी। पंजाब के रोपड़ पहुंचने पर सिम्मी अग्निहोत्री की मौत हो गई। इसकी पुष्टि चंडीगढ़ स्थित मैक्स अस्पताल में ले जाने के बाद डॉक्टरों ने की।

#खबर अभी अभी हरोली ब्यूरो*

Share the news