
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
21 मई 2023
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस द्वारा रीजनल अस्पताल ऊना में रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युकां कार्यकर्ताओं ने पीडि़त मानवता की सेवा के लिए हाथ बढ़ाते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर के दौरान ब्लड बैंक ऊना की टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सेवाएं प्रदान की।
रक्तदान करने के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में उपचाराधीन रोगियों को फलों का वितरण भी किया। रक्तदान शिविर की अध्यक्षता कर रहे युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राघव राणा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने देश को उन्नति का एक नया मार्ग दिखाया था।
युवा कांग्रेस उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जन-जन तक पहुंचाएगी और कांग्रेस की इस नेक विचारधारा का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए ही युवाओं द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वयं पीडि़त मानवता की सेवा को सदैव आगे रहे हैं और उसी से शिक्षा लेते हुए युवा कांग्रेस इस सेवा कार्य को आगे बढ़ा रही है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन






