राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में मंत्री राजेश धर्माणी बतौर मुख्यातिथि शामिल नलवाड़ी मेला को जल्द मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का दर्जा: राजेश धर्माणी

राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

मंत्री राजेश धर्माणी ने मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने इस बार मेले को बहुआयामी स्वरूप देने के लिए कई नई गतिविधियां शुरू की हैं। इनमें “वॉइस ऑफ बिलासपुर”, सतलुज महाआरती, लिटफेस्ट और नाट्य उत्सव जैसे आयोजन शामिल हैं।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले को जल्द ही मुख्यमंत्री की सहमति से राष्ट्रीय स्तर का दर्जा प्रदान किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रस्तुत बजट में जिला बिलासपुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इनमें मंडी भराड़ी में नए बस स्टैंड का निर्माण, नैना देवी मंदिर परिसर के विकास कार्य, शाहतलाई में चरण गंगा से जुड़े निर्माण कार्य और लुहणु हेलिपैड के विकास के लिए बजट शामिल है।

मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मुख्य अतिथि और विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राजकुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Share the news