रामपुर में दोस्तों संग नहाने गया युवक पानी में डूबा, एनडीआरएफ ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र के भद्राश के समीप मछाड़ा खड्ड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें एक युवक के डूबने की सूचना है। उप-तहसील कोटगढ़ के जरोल गांव निवासी अभिषेक रॉयल (34) पुत्र जगदीश रॉयल अपने पांच दोस्तों के साथ दिन के समय मछाड़ा खड्ड में नहाने गए थे। इस दौरान अचानक पानी के तेज बहाव में अभिषेक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गए। उनके साथ गए अन्य दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन अभिषेक को बचाने के प्रयास सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और एनडीआरएफ को सूचित किया। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है, जबकि एनडीआरएफ को अलर्ट कर तलाश अभियान शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो पाया था। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share the news