राष्ट्रीय स्कूली खेलों में 16 पदक जीतना हिमाचल के लिए गर्व की बात : डीपीईज संघ

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 जून 2023

हिमाचल प्रदेश स्कूल डीपीईज संघ ने दिल्ली, भोपाल और ग्वालियर में चल रही 66वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलों में हिमाचल के खिलाडिय़ों द्वारा जीते गए तीन स्वर्ण, चार रजत और आठ कांस्य पदक के लिए सभी खिलाडिय़ों और उनके प्रशिक्षकों को बधाई दी है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष मोहन नागटा, उपाध्यक्ष कपिल मोहन, सिरमौर के प्रधान दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में कार्य कर रहे शारीरिक शिक्षकों की मेहनत व कर्मठता से ही यह संभव हो पाया है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब प्रदेश को स्कूली राष्ट्रीय खेलों में 16 पदक प्राप्त हुए हैं। इसके लिए प्रदेश में कार्यरत सभी शारीरिक शिक्षक बधाई के पात्र हैं। ऐसे उत्कृष्ट प्रदर्शन से हिमाचल का नाम पूरे भारत में बुलंदियों पर पहुंचा है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में बहुत से स्कूलों में डीपीईज के पद खाली पड़े हैं और कई जगह तो पद ही सृजित नहीं हैं। यदि सभी स्कूलों में यह पद सृजित किए जाते हैं तो खेलों के क्षेत्र में हम और अधिक अच्छा कार्य कर नए आयाम स्थापित कर सकते हैं। प्रदेश स्कूल डीपीईज संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी स्कूलों में डीपीईज के पद आवश्यक तौर पर सृजित किए जाएं, ताकि प्रदेश का नाम पूरे भारत ही नहीं अपितु संपूर्ण विश्व मानचित्र में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news