
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 जुलाई 2023

ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से नुकसान हुआ है। रोहड़ू के भलाड़ा पंचायत के तहत मलखून नाले में गत रात करीब 3:00 बजे बादल फट गया। इससे कई घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं सड़क किनारे खड़ी एक कार भी पानी के तेज बहाव में बह गई। मंडी में सराज के गांव मिहाच संदोचा में सुबह 5:00 बजे घर पर पहाड़ी से गिरे मलबे में दबने से बाल कृष्ण (16) पुत्र डोला राम की मौत हो गई।
मंडी के धर्मपुर क्षेत्र में कांढापत्तन के पास ब्यास नदी में एक शव मिला। मृतक कुल्लू जिले का रहने वाला था। उसकी बाजू पर राजकुमार नाम का टैटू था। कुल्लू के साढ़ाबाई थाना में राजकुमार के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज है। रोहड़ू में बादल फटने के बाद शिकड़ी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से रोहडू बाजार के साथ समाला में खड्ड किनारे बनीं झुग्गियों में पानी और मलबा घुसने से करीब दो दर्जन परिवार प्रभावित हुए हैं।
जिला कुल्लू में आई आपदा के एक सप्ताह भी हालात सामान्य नहीं हुए। बंजार, सैंज और पार्वती घाटी की पंचायतों में कई कंपनियों की दूरसंचार सेवाएं ठप हैं। दारचा-शिकुंला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है।
हिमाचल में आज ऑरेंज और अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद मंगलवार से अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। 17 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट के बीच एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी।
वहीं, दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों में 17 जुलाई के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है। किन्नौर जिला के अलावा चंबा जिला के पांगी और भरमौर में भी अवकाश रहेगा। इनके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों के स्कूल अपने स्तर पर निर्णय लेंगे।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





