
लगातार हो रहे धंसाव से यहां जान-माल को खतरा पैदा हो गया है। खतरे को भांपते हुए नगर निगम ने धंस रही जगह से तुरंत दुकानें खाली करवाने का फैसला लिया है। संपदा शाखा अधीक्षक अमर चंद ने बताया कि दुकानदारों को तीन दिन के भीतर अपनी दुकानें खाली करने को कहा है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
16 नवंबर 2022
राजधानी के लक्कड़ बाजार में धंस रही रिवोली मार्केट को शिफ्ट करने का फैसला लिया है। नगर निगम ने बर्फबारी से पहले इस मार्केट के दुकानदारों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर दुकानें खाली करने के आदेश जारी किए हैं। इन दुकानदारों को लिफ्ट के पास नगर निगम की मेट्रोपोल पार्किंग में बनी अस्थायी दुकानों में शिफ्ट किया जा रहा है। मेट्रोपोल पार्किंग के टॉप फ्लोर में नगर निगम ने 40 से ज्यादा अस्थायी दुकानें बना रखी हैं। अभी 14 दुकानदारों को इनमें शिफ्ट किया जा रहा है। हालांकि कुछ दुकानदारों ने मार्केट में हो रहे धंसाव के बावजूद दुकानें खाली करने के फैसले पर विरोध जताया है। रिवोली मार्केट में बीते एक साल से लगातार धंसाव हो रहा है।
आइस स्केटिंग रिंक के पास रिज के लिए लग रहे लिफ्ट-एस्केलेटर प्रोजेक्ट की खुदाई के चलते बीते साल से ही मार्केट में धंसाव शुरू हो गया था। वैली साइड की एक दर्जन से ज्यादा दुकानें सड़क से करीब पांच से सात फीट नीचे धंस चुकी हैं। हालत यह है कि कारोबारियों को अपना सामान सड़क पर रखकर बेचना पड़ रहा है। लगातार हो रहे धंसाव से यहां जान-माल को खतरा पैदा हो गया है। खतरे को भांपते हुए नगर निगम ने धंस रही जगह से तुरंत दुकानें खाली करवाने का फैसला लिया है। संपदा शाखा अधीक्षक अमर चंद ने बताया कि दुकानदारों को तीन दिन के भीतर अपनी दुकानें खाली करने को कहा है।
रिवोली मार्केट में अवैध हैं ज्यादातर दुकानें
नगर निगम के अनुसार रिवोली मार्केट में बनी यह ज्यादातर दुकानें अवैध हैं। नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति के दुकानें बनी हैं। ज्यादातर पुरानी हैं। दुकानदारों की रोजी रोटी चली रहे, इसलिए निगम ने भी इस पुराने निर्माण पर आज तक कार्रवाई नहीं की। अब यहां जमीन धंस रही हैं, ऐसे में इन्हें खाली करना होगा। यहां नई दुकानें भी नहीं बनेंगी। इसमें जो दुकानदार शिफ्ट किए जा रहे हैं, उन्हें कार्टरोड सब्जी मंडी सड़क के किनारे स्टॉल बनाकर दिए जाएंगे। अभी पार्किंग में बनी दुकानों में शिफ्ट होने पर इन्हें मासिक किराया भी निगम को देना होगा।
शिफ्ट नहीं होना चाहते दुकानदार
रिवोली मार्केट में धंसाव के बावजूद कुछ दुकानदार शिफ्ट होने को तैयार नहीं है। इनका कहना है कि मेट्रोपोल पार्किंग में जहां इन्हें शिफ्ट किया जा रहा है, वहां, ग्राहक नहीं आते। इससे उनका काम ठप हो जाएगा। इस बारे में नगर निगम आयुक्त के साथ बैठक कर ली है। लेकिन आयुक्त ने खतरे को देखते हुए इन्हें तुरंत शिफ्ट होने को कहा है। रिवोली मार्केट कारोबारी यूनियन के उपप्रधान अशोक कुमार ने कहा कि दुकानें शिफ्ट होने से उन्हें नुकसान होगा।





