
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
3 फरवरी 2023
उपमंडल नालागढ़ के गांव कशमीरपुर की 20 दिन पहले लापता हुई महिला का शव पंजाब के मरींडा के समीप नहर में मिला है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के एक व्यक्ति गुरदेव को गिरफ्तार किया है। महिला इस व्यक्ति के संपर्क में काफी समय से थी और महिला की लोकेशन भी उसके पंजाब स्थित गांव के समीप ही आ रही थी। महिला की मौत कैसे हुई इसकी जांच चल रही है। शुक्रवार को महिला का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस के अनुसार महिला निशा देवी 14 जनवरी से लापता चल रही थी। महिला के परिजनों ने अपने स्तर पर महिला को अपने रिश्तेदारों समेत कई स्थानों पर खोजा लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल पाया। बीते बुधवार को परिजनो ने महिला के गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। पुलिस के अनुसार महिला की मोबाइल लोकेशन पंजाब में आ रही थी जिस पर पुलिस ने एक टीम को पंजाब में रवाना किया। टीम को मरींडा के पास नहर में एक शव मिलने की सूचना मिली। जिस पर महिला की शिनाख्त उसके पति से करवाई।
डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि महिला की मौत के कारणों का पता लगाया जा रह है। महिला पंजाब के लुधियाना जिले के मुसकाबाद के एक व्यक्ति गुरदेव के संपर्क में थी। महिला का शव भी उसी व्यक्ति के घर से समीप नहर में मिला है। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। महिला का शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





