लोकसभा चुनाव के आते ही डैमेज कंट्रोल में जुटी कांगड़ा में बड़ी हार का सामना करने वाली भाजपा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

26 जून 2023

विधानसभा चुनाव में जिला कांगड़ा में बड़ी हार का सामना करने वाली भाजपा अब लोकसभा चुनाव को आता देख डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। इसको देखते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार को भाजपा की कोर कमेटी में सीधा प्रवेश दिया गया है। यह पहला मौका है कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के बाद जिला के किसी नेता को प्रदेश भाजपा कोर कमेटी में सीधे जगह दी गई हो।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि परमार को प्रदेश भाजपा कोर कमेटी में शामिल किया गया है। सूत्रों के अनुसार सरकार और संगठन में बेहतर काम करने वाले परमार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिना किसी घोषणा के सीधे एंट्री दी है। हालांकि चंबा के हर्ष महाजन के कोर कमेटी के लिए पार्टी ने घोषणा की है।

सूत्रों का कहना है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा जिला कांगड़ा पर ध्यान केंद्रित करना चाहती है। लिहाजा परमार के पार्टी और संगठन में अनुभव को देख उन्हें कोर कमेटी में लिया है। परमार हमीरपुर में हुई कोर कमेटी की बैठक में भाग ले चुके हैं। उम्र और स्वास्थ्य कारणों के चलते लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कोर कमेटी से दूरी बनाई हुई है।

परमार की एंट्री को शांता की विरासत संभालने जैसा माना जा रहा है। सुलह से कभी शांता कुमार भी चुनाव लड़ा करते थे। परमार ने सुलह से दूसरी बार लगातार जीत हासिल कर इतिहास लिखा है। अन्यथा, सुलह में शांता कुमार समेत कोई भी भाजपा या कांग्रेस का नेता लगातार दूसरी बार जीत हासिल नहीं कर सका है। विपिन परमार ने इतना ही कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी दी गई है, वह उसे अच्छी तरह से निभाएंगे।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news