
#खबर अभी अभी मंड़ी ब्यूरो*
26 सितंबर 2024
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा नव छात्र अभिनंदन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 26 सितंबर 2024 को महाविद्यालय सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देना और छात्रों में सांस्कृतिक चेतना का विकास करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेश कपूर, विशिष्ट अतिथि धनदेव ठाकुर, विशेष उपस्तिथि श्रीमति पायल वैद्य, कार्यक्रम अध्यक्ष श्री नीरज वोहरा जी ने दीप प्रज्वलन करके किया इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिनमें पारंपरिक नृत्य, गायन, नाटक, लोक कला और अन्य सांस्कृतिक प्रदर्शन शामिल थे। कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और भारतीय परंपराओं की विविधता का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि श्री राजेश कपूर जी ने अपने वक्तव्य में विद्यार्थियों को सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और उसे बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि ने कहा, “ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ती है, जो हमारे समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।” विशिष्ट अतिथि श्री धनदेव ठाकुर जी ने विद्यार्थी परिषद की 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। विद्यार्थी परिषद की स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी, और तब से परिषद ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार, युवा सशक्तिकरण, और सामाजिक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
75 वर्षों की इस यात्रा में विद्यार्थी परिषद ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी युवा शक्ति का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने कई सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं के बीच राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जागरूक किया है। विशेष उपस्थिति श्रीमती पायल वैद्य जी ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कला और संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम की प्रशंसा की और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।





