
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
12 फरवरी 2023
वेलेंटाइन वीकेंड पर हिल्सक्वीन सैलानियों से गुलजार हो गई है। वीकेंड पर वेलेंटाइन मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। इससे शहर के होटलों में कमरों की बुकिंग में तेजी आई है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के बाद सैलानी बर्फ का आनंद लेने के लिए शिमला का रुख कर रहे हैं। सुबह से ही शनिवार को पर्यटक वाहनों का शिमला पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। दोपहर एक बजे तक शहर की सर्कुलर रोड स्थित लिफ्ट पार्किंग पैक हो गई। टैरिस फ्लोर पर भी गाड़ियां पार्क हो गईं। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
मालरोड पर इंदिरा गांधी खेल परिसर से शेरे पंजाब, रोटरी कल्ब, गेयटी थियेटर, टाउन हाॅल से स्कैंडल प्वाइंट तक सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। रिज मैदान पर पूरे दिन सैलानियों का जमवाड़ा लगा रहा। सैलानियों ने रिज पर घुड़सवारी, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने का लुत्फ उठाया। वेलेंटाइन वीक के तहत शनिवार को प्रॉमिस डे पर शहर के होटलों, रेस्टोरेंट्स और पब में शनिवार रात वेलेंटाइन पार्टियां आयोजित की गईं। पार्टी में सैलानियों ने लजीज व्यंजनों का भी मजा लिया।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





