शिक्षक भर्ती के लिए बनेगी नई नीति, शिक्षाविदों से भी कर रहे मंथन : सुखविंद्र सिंह

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

16 फरवरी 2024

cm sukhvinder Sukhu said new policy will be made for teacher recruitment, brainstorming is also done with educ

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में शिक्षक भर्ती के लिए नई नीति बनाने पर विचार किया जा रहा है। गेस्ट टीचर भर्ती की तरह नई नीति नहीं होगी। नई नीति बनाने के लिए शिक्षाविदों से भी मंथन किया जा रहा है। विधानसभा सदन में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक हंसराज के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही शिक्षकों के करीब 6500 पद भरे जाने हैं। करीब 2500 पदों के लिए बैचवाइज भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। शेष पदों को आयोग के माध्यम से भरा जाएगा। भाजपा विधायक प्रश्नकाल के दौरान पार्टी प्रत्याशी हर्ष महाजन का राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करवाने गए।

प्रश्नकाल समाप्त होने से करीब दो मिनट पहले भाजपा विधायक सदन में लौटे। जैसे ही विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा विधायक के सवाल का जवाब देने के लिए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का नाम पुकारा तो मंत्री अपनी सीट पर नहीं थे। इस पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा मंत्री की जगह जवाब देकर विपक्ष को शांत किया। उधर, इससे पूर्व इंदौरा से कांग्रेस विधायक मलेंद्र राजन के सवाल का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रवक्ताओं के 585 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने के लिए मार्च में आयोग के माध्यम से लिखित परीक्षा ली जाएगी।

खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो

Share the news