शिमला: 40 ग्राम चिट्टा के साथ महिला गिरफ्तार, नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना सदर शिमला में दिनांक 06.04.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम थाना सदर शिमला के क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रेखा (40), निवासी मोलिजागरा, मनीमाजरा, वर्तमान में कोडी बस्ती डाउनडेल शिमला में हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी कर रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में महिला पुलिस कर्मी द्वारा आरोपी के पर्स की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पर्स से 40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर विधिवत सील किया और सभी कानूनी औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी कीं। इसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं जुड़ा हुआ है।

Share the news