
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
24 जनवरी 2023
पहाड़ों की रानी शिमला आने वाले पर्यटकों को अब मनाली की तर्ज पर ग्रीन फीस देनी होगी। अप्रैल के बाद ग्रीन फीस की वसूली शुरू हो सकती है। राज्य सरकार से निर्देश के बाद नगर निगम शिमला ने आमदनी बढ़ाने के लिए कई प्रस्ताव तैयार किए हैं। इन्हीं में से एक प्रस्ताव ग्रीन फीस का भी है। बस, ट्रक के 300, कार के 200 और दोपहिया वाहन के लिए 50 रुपये ग्रीन फीस लेने की तैयारी है। हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शहरी विधायक हरीश जनारथा के साथ नगर निगम के अधिकारियों की बैठक में ग्रीन फीस पर चर्चा हो चुकी है।
अब नगर निगम जल्द ही ग्रीन फीस के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए राज्य सरकार को भेजेगा। राज्य सरकार से हरी झंडी मिली तो नगर निगम को हर साल करीब 12 करोड़ रुपये की आय होगी। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त बीआर शर्मा ने माना कि बैठक में ग्रीन फीस को लेकर चर्चा हुई है। उल्लेखनीय है कि प्रस्ताव सरकार को भेजने से पहले नगर निगम फीस वसूली का पुख्ता इंतजाम करने पर मंथन कर रहा है। शिमला शहर में साल 2014 में भी ग्रीन फीस लेने की व्यवस्था शुरू की थी। फीस लेने के लिए तारादेवी के पास बैरियर लगाया गया था। हालांकि, यहां लगने वाले जाम और बैरियर के विवाद के चलते कुछ महीने बाद ही फीस वसूली बंद करनी पड़ी थी।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





