
हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी शूलिनी ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन सोलन ने इस बार सपरून चौक के समीप शनिवार सायं 30वीं मां भगवती की विशाल चौकी और भंडारे का भव्य आयोजन किया। मशहूर गायक मुनिदर चंचल एंड पार्टी यमुनानगर वाले ने देर रात्रि तक महामाई का गुणगान किया और अपनी सुरीली आवाज से भेंटों की प्रस्तुति देकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया।
शनिवार सायं सपरून चौक के समीप शूलिनी ऑटो रिक्शा यूनियन ने हर वर्ष की भांति इस बार भी मॉं भगवती की चौकी का आयोजन किया। यूनियन के सदस्यों की टोली जैसे ही ज्वालाजी से माता की साची ज्योति लेकर सपरून चौक के समीप पहुंची तो परंपरा अनुसार यूनियन प्रधान धर्मपाल ठाकुर और कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने मॉं की ज्योति का फूलों की वर्षा करके और पटाखे फोडक़र पूरी भव्यता के साथ स्वागत किया। इसके बाद माता की ज्योति को शहरवासियों के दर्शनार्थ के लिए पूरे शहर में परिक्रमा करवाई गई।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच माता की ज्योति को पुराना बस स्टैंड से मालरोड़ होते हुए जागरण स्थल तक लाया गया। शनिवार सायं करीब साढ़े सात बजे माता की ज्योति को चौकी स्थल सपरून में मंत्रोच्चारण के साथ स्थापित किया गया। इसके बाद लोगों के कतारों में लगकर ज्वालाजी से लाई गई माता की साची ज्योति के दर्शन कर और माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। माता के चरणों में शीश नवाने और उनसे सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देर रात्रि तक श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा।
रात्रि करीब साढ़े नौ बजे मशहूर गायक मुनिदर चंचल एंड पार्टी यमुनानगर वाले ने महामाई का गुणगान करना आरंभ किया। मशहूर गायक मुनिदर चंचल ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक माता की भेंट प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। गायक मुनिदर चंचल ने चलो बुलावा आया है,माता ने बुलाया है,सोणा सजा है तेरा द्वार,जै मैं होन्दा दातिये मोर तेरे बागा दा,तुने मुझे बुलाया शेरा वालिए, मैं आया शेरा वालिये आदि भेंटों की शानदार प्रस्तुति देकर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को थिरकने पर विवश कर दिया।
इसी बची कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण,राधा, माता दुर्गा, काली माता सहित अन्य भव्य झांकियां निकाली और नृत्य किया। यह माना जाता है कि सोलन में जून माह में होने वाले राज्य स्तरीय शूलिनी मेले का आगाज शूलिनी ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन द्वारा आयोजित मां भगवती की चौकी से हो जाता है। इसके बाद शहर में किसी न किसी हिस्से में माता के जागरण और भंडारों के आयोजन का सिलसिला जारी रहता है। माँ भगवती की चौकी में सोलन शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों ने मां के दरबार में हाजिरी भरी और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सोलन से पूर्व में भाजपा के प्रत्याशी रहे डॉ.राजेश कश्यप भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ जागरण में शामिल हुए और इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शूलिनी ऑटो रिक्शा यूनियन को बधाई दी। शूलिनी ऑटो रिक्शा यूनियन सोलन प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की देर रात तक मॉं भगवती की चौकी पर भजन-कीर्तन किया गया। रविवार को यूनियन ने विशाल भंडारे का आयोजन किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भंडारे के प्रसाद को ग्रहण किया और मॉं भगवती से आशीर्वाद प्राप्त किया। देर सायं तक श्रद्धालुओं में भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
उन्होंने कहा कि यूनियन के सभी कार्यकारिणी सदस्यों के रचनात्मक सहयोग से माँ भगवती की चौकी का सफल आयोजन हो पाया है। इसके लिए उन्होंने यूनियन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर यूनियन के महासचिव राजेंद्र कश्यप,वरिष्ठ उपप्रधान सुनील बंसल उपप्रधान सुरेश ठाकुर,अतिरिक्त महासचिव भूपेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा,पूर्व प्रधान रवि गुप्ता, पूर्व प्रधान जयदत्त शर्मा,पूर्व प्रधान दिनेश,पूर्व प्रधान राम सिंह,पूर्व उप प्रधान ईश्वर,संगठन सचिव संजय कुमार, मोहनलाल,कैलाश भारद्वाज,धीरज शर्मा,श्यामलाल, संयुक्त सचिव अनिल कुमार,मुख्य सलाहकार रमेश चंद धीमान,कार्यालय एवं प्रेस सचिव संजीव कुमार,कुलदीप चंदेल,नरपत राम,योगराज, दिवेश सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।





