
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
2 फरवरी 2024
नए साल की पहली बर्फबारी के बाद शिमला में शुक्रवार को मौसम तो खुल गया लेकिन दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सुबह शहर के सर्कुलर रोड सहित उपनगरों की कई सड़कें बर्फ जमने से फिसलन भरी हो गईं। सुबह शहर में बसों की आवाजाही ठप रही। लोग पैदल ही गिरते-फिसलते अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। खलीनी से टॉलैंड, छोटा शिमला, हिमलैंड, लिफ्ट मार्ग व लक्कड़ बाजार की सड़कें बर्फ जमने से शीशा बन गईं। इस कारण वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी। लोग धक्का लगाकर गाड़ियों को निकालने का प्रयास करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। सड़क पर जगह-जगह गाड़ियां फंसी रहीं। फिसलन इतनी ज्यादा है कि पैदल चलना भी किसी जोखिम से कम नहीं।
इससे राजधानी में दूध, ब्रेड व अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की आपूर्ति नहीं पहुंच सकी। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, सुबह एनएच 205 पर बनूटी से आगे शिमला के ट्रैफिक बंद हो गया। इससे निचले हिमाचल के आठ जिलों से राजधानी के लिए संपर्क कटा रहा। गुरुवार रात से ढांडा से आगे घनाहट्टी की ओर कई बसें, ट्रक, छोटे वाहन फंसे हुए हैं। रात को गिरी बर्फ से वाहनों के पहिए थम गए हैं। बनूटी-हीरानगर से आगे शिमला की ओर सड़क बंद है। इसके दोपहर तक खुलने की संभावनाएं हैं। रेलवे स्टेशन से आरटीओ तक लंबा जाम लग गया।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





