

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
21 नवंबर 2022
लोगों ने देवी-देवताओं के साथ सत्यसाईं का आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर माता खुआ रानी मंदिर के समीप स्थित बाबा सत्य साईं मंदिर में पालकी उत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में माता काली चामुंडा स्कूल बाजार और देव माहुंनाग टारना की अगुवाई में 12 देवी-देवताओं ने शिरकत की। इस दौरान गोल पौड़ी के समीप आशीर्वाद भवन में भंडारे का भी आयोजन भी किया। इसमें सैकड़ों लोगों ने बाबा का प्रसाद ग्रहण किया।
सत्य साई बाबा भजन मंडल संयोजक दीपक शर्मा और संस्था संयोजक डॉ. वाईपी सरोच ने बताया कि बाबा के जन्मोत्सव की बेला पर रविवार को देवी-देवताओं की अगुवाई में पालकी उत्सव मनाया गया। 12 देवी-देवताओं की मौजूदगी में शहर भर में विशाल शोभा यात्रा निकाली गई। साई मंदिर से बाबा भूतनाथ, चौहटा, सेरी बाजार होकर मोती बाजार और समखेतर से सांई मंदिर तक शोभायात्रा निकाली। इसमें माता काली चामुंडा स्कूल बाजार, माता महाकाली पुरानी मंडी, देव माहूंनाग टारना, नैणा माता टारना, चतुर्भुजा पुरानी मंडी, नवदुर्गा टांडू, श्यामा काली नेरी मैगल, थांप चंजवीर नेरी मैगल, नैणा माता विस्को मंडी, साकंबरी माता सैण समेत कई अन्य देवी-देवताओं ने शिकरत की। शहरवासियों को एक बार फिर से महाशिवरात्रि जैसा नजारा देखने को मिला।
लोगों ने अपने देवी देवताओं के आगे नतमस्तक होकर उनका आशीर्वाद लिया और मनौती चढ़ाई। बता दें कि 23 नवंबर को साईं मंदिर में श्री सत्य साई बाबा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर भजन-कीर्तन के अलावा शोभायात्रा निकाली जाएगी।





