सरकाघाट में दिल दहला देने वाली वारदात: 19 वर्षीय छात्रा सिया गुलेरिया की दराट से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सरकाघाट (मंडी),
13 अप्रैल — हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गोपालपुर पंचायत के नैण गांव में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की तेजधार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी हत्या दराट (तेजधार हथियार) से की गई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को फतेहपुर के पास एक नाले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया दराट भी बरामद कर लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Share the news