
पच्छाद
जिला ब्यूरो: देवराज शर्मा
सराहां–चमरोगी–नाहन–नैना टिक्कर–नाड़व–खोजर सरकारी बस सेवा बंद किए जाने के विरोध में क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री को ज्ञापन भेजते हुए बस सेवा बहाल रखने की मांग की।
ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से संचालित यह सरकारी बस सेवा आय कम होने का हवाला देकर बंद की जा रही है, जबकि इस रूट से आधा दर्जन पंचायतों के लोग प्रतिदिन लाभान्वित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी बस बंद कर प्राइवेट बस को रूट देना जनता के हितों के साथ अन्याय है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस बस के माध्यम से स्कूल, कॉलेज, आईटीआई के छात्र-छात्राएं, महिलाएं और आम ग्रामीण सराहां आते-जाते हैं। यदि बस सेवा बंद की गई तो इन सभी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बस सेवा बंद होने की स्थिति में वे सरकार व परिवहन विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं सरकार की होगी।
प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि सराहां, बनाहां धीन्नी, जामन की सेर, सुरला जनोट, कथाड़ और नैना टिक्कर पंचायतों को लाभान्वित करने वाली सराहां–मेहंदोबाग–नाड़व–खोजर सरकारी बस सेवा क्षेत्र की जीवनरेखा है।
प्रतिनिधिमंडल में रामेश्वर दत्त शर्मा, मामराज शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, जयदेव सिंह, रमेश चंद, सुरेश दत्त, राजेंद्र सिंह, मुकेश दत्त, वीरेंद्र सिंह, प्रेम दत्त, अभिषेक शर्मा, नितिन ठाकुर, अंकित, अरुण शर्मा, रोशन लाल, नरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, रामदत्त शर्मा, प्रीतम सिंह, ज्ञान दत्त, नरेश दत्त और वैभव शर्मा शामिल रहे।
इस मौके पर एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की मांगों से संबंधित ज्ञापन परिवहन विभाग व सरकार को भेज दिया जाएगा और मामले पर उचित कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा।





