# सांसद के दरबार पहुंचा सीमेंट कंपनी विवाद |

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

24 जनवरी 2023

शिमला में सुरेश कश्यप से मिले ...

हिमाचल में सीमेंट कंपनी विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। एक महीने से जारी सीमेंट कंपनी विवाद सरकार से सुलझता न देख ट्रक ऑपरेटर विवाद को सुलझाने सांसद के पास पहुंचे। इस विवाद को सुलझाने के लिए केंद्र से हस्तक्षेप की मांग करने लगे।

दाड़लाघाट सीमेंट फैक्ट्री के बंद होने से आंदोलनरत ट्रक ऑपरेटर कल देर शाम को सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप से मिलने शिमला पहुंचे। ट्रक ऑपरेटरों ने इस दौरान विवाद को सुलझाने के लिए एक प्रस्ताव रखा, जिसमें कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत का रास्ता खुल सके।

ट्रक ऑपरेटरों ने सांसद से केंद्र सरकार के समक्ष इस मामले को ले जाने और विवाद को सुलझाने के लिए हस्तक्षेप की मांग की। ट्रक ऑपरेटरों का मानना है कि अडाणी ग्रुप की केंद्र सरकार से काफी नजदीकियां हैं, इसलिए ट्रक ऑपरेटर चाह रहे हैं कि केंद्र सरकार इस विवाद को सुलझाने में उनकी मदद करे। सांसद ने भी दोनों पक्षों (ट्रक ऑपरेटर-कंपनी) को एक मंच पर लाने का आश्वासन दिया ताकि मामला सुलझ सके।

ट्रक ऑपरेटर सरकार से खफा
वैसे भी ट्रक ऑपरेटर ढुलाई की दरों को लेकर अधिसूचना जारी नहीं होने से सरकार से नाराज चल रहे हैं। सांसद सुरेश कश्यप ने इस दौरान आश्वस्त किया कि वह दोनों पक्षों को बातचीत के लिए राजी करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इसके बावजूद अगर आवश्यकता पड़ी तो वह केंद्र सरकार से इस मामले को उठाकर इसे सुलझाने का प्रयास करवाएंगे।

अंबुजा सीमेंट संयंत्र से जुड़े यह ट्रक ऑपरेटर मिले
पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा के साथ अंबुजा सीमेंट संयंत्र से जुड़े ट्रक ऑपरेटरों ने सांसद सुरेश कश्यप से मुलाकात की। इसमें ट्रक ऑपरेटर कोर कमेटी के सदस्य रामकृष्ण शर्मा, बालक राम और जयदेव कौंडल के अलावा ट्रक ऑपरेटरों के अन्य प्रतिनिधि साथ थे।

मामला जल्द न सुलझा तो बढ़ सकता है विवाद
सीमेंट संयंत्रों से जुड़ा यह मामला जल्द नहीं सुलझा तो इससे विवाद बढ़ सकता है। इस कारण सरकार को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इससे प्रभावित कर्मचारी, ट्रक ऑपरेटर और स्थानीय लोग आंदोलन को तेज कर सकते हैं। यहां तक कि ट्रक ऑपरेटरों ने सचिवालय का घेराव करने की भी चेतावनी दी है। ऐसे में सरकार को आने वाले दिनों में ट्रक ऑपरेटरों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ सकता है।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news