
सुंदरनगर,
एचपी शिवा क्लस्टर खुराहल में ‘एचपी शिवा डे’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपनिदेशक उद्यान, जिला मंडी डाॅ संजय गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर विकासखंड गोहर, बल्ह एवं सुंदरनगर के विभिन्न क्लस्टरों से आए किसानों और बागवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान केवीके सुंदरनगर के विशेषज्ञ डॉ. पंकज सूद ने फलदार पौधों में कीट प्रबंधन विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बागवानों को वैज्ञानिक तरीकों से कीट नियंत्रण अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पीएमयू एचपी शिवा शिमला के टीम लीडर प्रशांत श्रीवास्तव ने सीएचपीएमए क्लस्टर कमेटी की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
वहीं, पीएमयू एचपी शिवा से एल.आर. पांडा ने क्लस्टर स्तर पर शिकायतों के प्रभावी निपटारे के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। को-ऑर्बन एक्स, हैदराबाद से आए आशीष चौधरी ने बागवानों को कार्बन क्रेडिट की अवधारणा, इसके लाभ और आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में इसकी संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ सुंदरनगर एवं जिला समन्वयक एचपी शिवा डॉ. राजेश शर्मा, विषय विशेषज्ञ बगस्याड़ डॉ. संजय भारद्वाज, उद्यान विकास अधिकारी एवं उद्यान प्रसार अधिकारी बल्ह, गोहर, सुंदरनगर तथा एचपी शिवा की पूरी टीम सहित खुराहल के स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
अंत में विशेषज्ञों ने किसानों की शंकाओं का समाधान किया और उन्हें आधुनिक एवं वैज्ञानिक बागवानी तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।





