सुंदरनगर के खुराहल और भवाणा में एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत पौधारोपण और प्रशिक्षण शिविर आयोजित, 19 हैक्टेयर क्षेत्र में रोपित होंगे 11875 पौधे

मंडी : बागवानी विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश सब-ट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर इरिगेशन एंड वैल्यू एडिशन (एचपी शिवा) परियोजना के अंतर्गत मंडी जिला के सुंदरनगर विकास खंड स्थित खुराहल और भवाणा में वृक्षारोपण अभियान और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
सोहन लाल ठाकुर ने बागवानी विभाग की कार्यप्रणाली और लक्ष्यों को पूरा करने की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि लगभग दो महीने पहले बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने इन क्लस्टर के भूमि विकास कार्यों का निरीक्षण किया था और विभाग को दो माह के भीतर वृक्षारोपण शुरू करने के कड़े निर्देश दिए थे। विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर 19 हेक्टेयर क्षेत्र को वृक्षारोपण के लिए तैयार कर इस अभियान को सफलतापूर्वक अमलीजामा पहनाया है। इस वर्ष क्लस्टर के अंतर्गत कुल 11,875 पौधों का रोपण किया जाएगा।
तकनीकी सत्र के दौरान बागवानी विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. वी.पी. बैंस ने किसानों को जापानी फल (पर्सिमन) की खेती के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह फल न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से उत्तम है, बल्कि बाजार में इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए यह भविष्य में बागवानों के लिए आय का एक सशक्त माध्यम बनेगा। वहीं, उप-निदेशक बागवानी डॉ. संजय गुप्ता ने एचपी शिवा परियोजना की बारीकियों को साझा करते हुए बताया कि यह योजना क्लस्टर आधारित खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने की क्षमता रखती है।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थियों को जापानी फल के पौधों को रोपने की आधुनिक और वैज्ञानिक विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी दिया गया, ताकि पौधों का बेहतर विकास सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर ज़िला समन्वयक एवं एसएमएस सुंदरनगर डॉ. राजेश शर्मा, एचडीओ सुंदरनगर डॉ. अनुपमा, प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. बबिता और सुंदरनगर ब्लॉक की एचपी शिवा टीम सहित भारी संख्या में स्थानीय किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share the news