सुंदरनगर में देवदार तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप से 9 ठेले बरामद, आरोपी फरार

मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी-रोहांडा सड़क मार्ग पर लटोगली में वन विभाग ने देवदार की अवैध तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने एक पिकअप वाहन से देवदार के 9 अवैध ठेले बरामद किए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस चौकी निहरी में दर्ज एफआईआर के अनुसार, 2 अप्रैल की रात वन विभाग की टीमें जयदेवी और रोहांडा वन क्षेत्रों में गश्त कर रही थीं। देर रात करीब 2:40 बजे लटोगली के पास एक संदिग्ध पिकअप (एचपी 32 बी 3597) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगा ले गया।

कुछ दूरी पर वाहन सड़क किनारे लावारिस हालत में मिला, जबकि चालक फरार हो चुका था। तलाशी के दौरान वाहन से देवदार प्रजाति के 9 ठेले बरामद हुए, जिन पर कोई वैध मार्किंग नहीं पाई गई।

वन विभाग ने स्थानीय पंचायत प्रधान की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की। बरामद लकड़ी का कुल घनत्व 1.332 घन मीटर और अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने वाहन मालिक और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम व बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में जयदेवी वन परिक्षेत्र की टीम के विजय कुमार, राम लाल, मनीष कुमार सहित वन रक्षक कुसुम कुमार, राहुल वर्मा, नवीन कुमार, अवनीश सैनी और वन मित्र उपेंद्र शर्मा शामिल रहे।

डीएफओ राकेश कटोच ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि फरार तस्करों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और यह भी जांच की जा रही है कि हरा पेड़ कहां काटा गया। उन्होंने बताया कि वाहन को लकड़ी सहित कब्जे में ले लिया गया है।

Share the news