सुंदरनगर में मतदाता सूची हेतु 1 अप्रैल 2026 अर्हता तिथि निर्धारित

सुंदरनगर,
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी नगर परिषद चुनावों के दृष्टिगत 1 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित करते हुए मतदाता सूची का प्रारूप अवलोकन हेतु प्रकाशित कर दिया गया है।
एसडीएम सुंदरनगर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने निर्देश जारी करते हुए पुनरीक्षण प्राधिकारी एवं तहसीलदार सुंदरनगर को नगर परिषद सुंदरनगर के विभिन्न वार्डों की निर्वाचन नामावली से संबंधित दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई के लिए अधिकृत किया है।
उन्होंने बताया कि अधिसूचना के अनुसार मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए 1 अप्रैल 2026 अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इसके तहत जिन नागरिकों की आयु 1 अप्रैल 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के पात्र होंगे।
एसडीएम ने नगर परिषद सुंदरनगर के नागरिकों से अपील की है कि वे एसडीएम कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय तथा तहसील कार्यालय में उपलब्ध मतदाता सूचियों में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर दावा प्रस्तुत कर सकता है।
दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इनका निस्तारण 2 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। वहीं अपील प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 तथा अपीलों का निस्तारण 17 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 20 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।

Share the news