सैलानी नहीं कर रहे हिमाचल का रुख, आपदा से पर्यटन उद्योग को 600 करोड़ का नुकसान

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

21 अगस्त 2023

600 crore rupee loss to tourism industry due to disaster in Himachal Pradesh

प्राकृतिक आपदा से बीते दो महीने में हिमाचल के पर्यटन कारोबार को करीब 600 करोड़ का नुकसान हो गया है। भूस्खलन से सड़कें बंद होने और बादल फटने से हुई तबाही के बाद सैलानी हिमाचल का रुख नहीं कर रहे। वीकेंड पर भी शिमला, मनाली, चायल, धर्मशाला और डलहौजी में होटलों के कमरे खाली हैं। सड़क, रेल और वायु यातायात प्रभावित होने से प्रदेश में पर्यटन कारोबार पटरी से उतर गया है।

जुलाई और अगस्त में होटलों में डिस्काउंट के चलते वीकेंड पर शिमला, कसौली और चायल के होटलों में 70 से 80 फीसदी कमरे बुक रहते थे। हफ्ते के अन्य दिनों में भी 40 से 45 फीसदी कमरों की बुकिंग रहती थी, लेकिन इस साल प्राकृतिक आपदा के बाद कमरे खाली हैं और होटल कारोबारियों ने स्टाफ छुट्टी भेज दिया है। पर्यटन स्थलों पर सैलानियों के न आने से ट्रैवल एजेंट्स, टैक्सी ऑपरेटर, गाइड, फोटोग्राफर और घोड़ा संचालकों का रोजगार बंद हो गया है।

पर्यटन कारोबारियों को राहत दे सरकार
प्राकृतिक आपदा से बीते दो महीनों में हिमाचल के पर्यटन उद्योग को करीब 600 करोड़ का नुकसान हुआ है। पर्यटन कारोबारियों को राहत देने के लिए सरकार को बिजली के डिमांड चार्ज माफ करने चाहिए, जीएसटी रिटर्न भरने की मियाद तीन माह से बढ़ा कर छह माह करनी चाहिए और तुरंत एनएच बहाल करने चाहिए। 

कोरोना के बाद सबसे ज्यादा नुकसान 
कोरोना के बाद प्राकृतिक आपदा से टैक्सी कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। टूरिस्टों के न आने से गाड़ियां खड़ी हो गई हैं और स्टाफ छुट्टी भेजना पड़ गया है। टैक्सी ऑपरेटरों के पास गाड़ी की किश्तें चुकाने तक के लिए पैसा नहीं है। आपदा की स्थिति में सरकार को टैक्सी ऑपरेटरों को राहत देनी चाहिए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news