
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
13 मार्च 2023
सोलन जिले में फिर से कोरोना वायरस के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। बीते सप्ताह में 23 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। यह लोग अस्पतालों में उपचार के लिए आए थे। इनकी जांच की तो यह कोरोना संक्रमित पाए गए। विभाग ने इन लोगों को आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर जिले में अब एच3 एन2 इनफ्लुएंजा से भी लोग डर गए हैं। हालांकि अभी जिले में इस प्रकार का कोई मामला नहीं आया है, लेकिन तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के लक्षण वाले लोग अब वायरल से भी घबराने लगे हैं। हालांकि जिले में कोरोना के मामले बढ़ने के बाद महकमा फिर से अलर्ट हो गया है। अस्पतालों में आने वाले अधिक गंभीर रोगियों की कोरोना की जांच करने के लिए कहा है और कोरोना समेत रक्त सैंपल बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। गौर रहे कि जिलेभर में मौसमी परिवर्तन के चलते अस्पतालों में वायरल फीवर के मामले आ रहे हैं।
रोजाना अस्पतालों में 30 से 40 मरीजों में वायरल फीवर निकल रहा है। ओपीडी में रोजाना करीब 300 मरीजों की जांच हो रही है। इनमें से करीब 150 लोगों में वायरल फीवर निकल रहा है। इन मरीजों की कोरोना संक्रमण की जांच की गई। वहीं वायरल मामले बढ़ने के साथ ही रक्त सैंपल जांच के लिए क्रस्ना लैब में भी अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। इससे पहले बच्चों में वायरल फीवर के मामले आ रहे थे, लेकिन अचानक हो रहे मौसम में परिवर्तन के कारण अन्य लोग भी वायरल से ग्रसित हो रहे हैं। इसे देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर दी है। वहीं लोगों से फिर मास्क लगाने का आग्रह किया गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





