स्वच्छता और पौष्टिकता को लेकर मिड-डे मील कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण : एडीएम

#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*

7 जुलाई 2023

धर्मशाला में स्कूलों में बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की स्वच्छता और पौष्टिकता के साथ कोई समझौता न हो, इसको लेकर जिले भर में कार्यरत सभी मिड-डे मील कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। खाद्य वस्तुओं में खाद्य सुरक्षा मानकों के कार्यान्वयन को लेकर जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने यह बात कही।

डीसी ऑफिस धर्मशाला में वीरवार को आयोजित इस बैठक में जिले में खाद्य पदार्थों में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों की अनुपालना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य वस्तुओं को परखने और उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर बल दिया। एडीएम ने कहा कि सुरक्षित और पौष्टिक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उनके निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री को खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत रेगुलेट किया जाना जरूरी है। एडीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मिड-डे मील वर्कर्स के प्रशिक्षण के लिए एक ट्रेनिंग कैप्सूल तैयार करने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के रिसोर्स पर्सन जिले के सभी मिड-डे मील वर्कर्स को ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिसके लिए शिक्षा विभाग उनका सहयोग करेगा। स्कूलों की हेडमिस्ट्रेस और हेडमास्टर सुनिश्चित करें कि वे भी इस दौरान उपस्थित रहें, जिससे वे नियमित तौर पर मिड-डे मील की स्वच्छता और पौष्टिकता के लिए बताए गए नियमों और मानकों को परख सकें। इस अवसर पर जिला खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त सविता ठाकुर, नगर निगम खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त मंजीत सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर, जीएम उद्योग राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रोहित राठौर ने कहा कि खाना पकाने के लिए उपयोग में आने वाले तेल का दोबारा इस्तेमाल न हो इसके लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की ओर से ‘रूको’ नामक पहल की शुरुआत की गई है। इसके तहत उपयोग में लाए गए तेल को दुकानों से खरीदकर एकत्रित किया जाएगा और उससे बायोडीजल बनेगा। जिले में भी इसके लिए एक निजी एजेंसी के माध्यम से दुकानों और व्यावसायिक खाद्य परिसरों से उपयोग किए गए तेल को खरीदा जाएगा। उन्होंने जिले में खाद्य वस्तुओं को बनाने के लिए तेल का उपयोग करने वाले कारोबारियों से इसका दोबारा प्रयोग न करने की अपील की।

#खबर अभी अभी धर्मशाला ब्यूरो*

Share the news