
कुल्लू-
युवा आपदा मित्र” प्रशिक्षण कार्यक्रम का 7 दिवसीय
समापन समारोह ABVIMAS प्रशिक्षण केंद्र, पिरड़ी में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण बैच में कुल 63 स्वयंसेवकों को “युवा आपदा मित्र” योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 23-02-2026 से 01-03-2026 तक आयोजित किया गया, जिसका आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुल्लू (DDMA Kullu) द्वारा ABVIMAS प्रशिक्षण केंद्र, पिरड़ी में किया गया। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, संचार व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की गई। इस प्रशिक्षण बैच में जल आधारित (Water Based) एवं स्थल आधारित (Land Based) गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का व्यवहारिक अनुभव प्रदान किया गया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला राजस्व अधिकारी, कुल्लू रहीं। मुख्य अतिथि महोदया ने प्रशिक्षण प्राप्त स्वयंसेवकों से संवाद कर उनके अनुभव साझा किए तथा भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “युवा आपदा मित्र” आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन एवं आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेंगी।
इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुल्लू सहित ABVIMAS पिरड़ी के प्रभारी, प्रशिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कुल्लू ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षित युवा आपदा मित्र भविष्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।
कुल्लू ब्यूरो: सुशांत शर्मा कि रिपोर्ट





