स्वास्थ्य कर्मियों ने 108 एंबुलेंस में करवाई सुरक्षित डिलीवरी

#खबर अभी अभी कुनिहार ब्यूरो*

26 अगस्त 2024

कुनिहार के 108 सेवा में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों ने आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस में एक महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई। प्राप्त जानकारी अनुसार गांव बनिया देवी मे सुरेश कुमार की पत्नी सीता देवी (20) को शनिवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। परिवार वालों ने 108एंबुलेंस को बुलाया। सूचना मिलते ही कुनिहार से एंबुलेंस गांव पहुंची और एंबुलेस गर्भवती सीता देवी को लेकर गांव से कुछ ही दुरी पर पहुंची थी कि तभी सीता देवी की प्रसव पीड़ा असहनीय हो गई। महिला की अत्याधिक प्रसव पीड़ा को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने एंबुलेंस रुकवा कर एंबुलेंस में ही डिलीवरी करवाने का फैसला लिया।

एंबुलेंस 108 के ईएमटी अनिता और चालक सुरेश कुमार ने रास्ते में गाड़ी रोककर महिला की सुरक्षित डिलीवरी कराई। सीता ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इसके बाद एंबुलेंस कर्मियों ने जच्चा बच्चा को सिविल अस्पताल कुनिहार में भर्ती कराया। एंबुलेंस चालक सुरेश कुमार और ईएमटी अनिता ने बताया कि जरा भी देर हो जाती तो महिला व बच्चे की जान पर बन सकती थी। अधिक प्रसव पीड़ा देखकर सड़क किनारे एंबुलेंस खड़ी कर आशा वर्कर रंजना के साथ मिलकर महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया। सिविल अस्पताल कुनिहार में भर्ती जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ्य और सुरक्षित हैं। सीता देवी का यह पहला बेटा है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा 108गाड़ी में ही सुरक्षित डिलीवरी करवाने के लिए लोग स्वास्थ्य कर्मियों की भूरी भूरी प्रसंसा कर रहे हैं।

Share the news