स्वास्थ्य गुणवत्ता से सशक्त राष्ट्र की दिशा में कदम: एनक्यूएएस टीमों ने जिला कुल्लू में किया निरीक्षण

कुल्लू।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस – नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) की टीमें जिला कुल्लू पहुंचीं। इस क्रम में निरीक्षण के पहले दिन जरी स्वास्थ्य ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पीरडी का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण कार्य डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा, मेडिकल ऑफिसर जंगल बेरी एवं डॉ. विजय, मेडिकल ऑफिसर भदरबाड़ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। डॉ. सुरेंद्र सिंह डोगरा, जो हमीरपुर मेडिकल ऑफिसर संघ के अध्यक्ष तथा हिमाचल प्रदेश संयुक्त कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष भी हैं, ने जानकारी देते हुए बताया कि एनक्यूएएस स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित एक विस्तृत गुणवत्ता ढांचा है। इसके तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, इनपुट, सहायक सेवाएं, क्लिनिकल केयर सहित कुल 12 प्रमुख मानकों के आधार पर किया जाता है।

उन्होंने कहा कि एनक्यूएएस का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार, रोगी-केंद्रित देखभाल, सुरक्षा एवं संक्रमण नियंत्रण को सुनिश्चित करना है, जिससे आम जनता को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर डॉ. प्रेम लाल, सीनियर मेडिकल ऑफिसर सिविल हॉस्पिटल तेगुबेहेड, स्वास्थ्य शिक्षक राज कुमार, डॉ. विकास (एनक्यूएएस जिला परामर्शदाता) सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने एनक्यूएएस टीम के सदस्यों डॉ. सुरिंदर, डॉ. विजय, डॉ. प्रितिका एवं लता का टोपी और शॉल भेंट कर स्वागत व सम्मान किया।

Share the news