
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*
16 फरवरी 2023
ऊना के हरोली उपमंडल के सलोह में 26 साल के एक युवक की मंगलवार शाम क्षेत्रीय अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हत्या की गुप्त सूचना मिलने पर बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस श्मशानघाट पहुंची और शव को चिता से उठाकर अपनेे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। श्मशानघाट में शव के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, लेकिन पुलिस पहुंचने से हड़कंप मच गया। युवक की मौत कैसे हुई, इसके बारे में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सलोह में एक युवक की हत्या हो गई है और शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इस पर पुलिस थाना प्रभारी सुनील सांख्यान टीम सहित सलोह पहुंचे। पुलिस ने श्मशानघाट पहुंच दाह संस्कार रुकवाया और शव कब्जे में लिया। लोगों ने सहयोग करते हुए पुलिस की बात मानी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले गई और यहां पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक युवक के शरीर पर छोटे से कट के अलावा चोट का कोई भी निशान नहीं पाया गया। पुलिस ने युवक के घर का भी मुआयना किया। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने भी किसी के खिलाफ कोई शिकायत या आपत्ति जाहिर नहीं की है।
हरोली के सलोह निवासी सुरेंद्र कुमार की मां और भाई के बयान के अनुसार मंगलवार को उसके पेट में अचानक दर्द उठा। बीपी कम होने के कारण घर पर वह गिर भी गया था। मां ने बताया कि वह पहले उसे भदसाली अस्पताल लेकर गई थीं, जहां पर उसे ग्लूकोज चढ़ाया गया। इसके बाद उसे ऊना अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस थाना हरोली प्रभारी सुनील सांख्यान ने बताया कि दुख की घड़ी में पुलिस ने लोगों से सहयोग मांगा और उनकी सहमति के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*





