# हम सत्ता में डीसी-एसपी ट्रांसफर करने नहीं आए:सीएम

खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो

14 दिसंबर 2022


सीएम बोले- इस परंपरा को खत्म करना चाह रहे; 28-30 दिसंबर तक विधानसभा सत्र प्रस्तावित

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार डीसी-एसपी   व अन्य अधिकारियों की ट्रांसफर करने के लिए नहीं है। हम इस परंपरा को खत्म करने आए हैं। जो अधिकारी बेहतर काम करेगा, उसकी ट्रांसफर नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि नीड-बेस्ड प्रशासनिक फेरबदल होगा। सभी डीसी को काम बांट दिया है। हम सत्ता, सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए चाहते हैं।

28 से 30 दिसंबर को हो सकता विधानसभा सत्र
दिल्ली रवाना होने से पहले बुधवार को सचिवालय में सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि 28 से 30 दिसंबर तक विधानसभा के शीतकालीन सत्र बुलाने पर विचार कर रहे हैं। मगर, तब टूरिस्ट सीजन पीक पर होने की वजह से इसे 15 जनवरी तक टाला जा सकता है।

प्रदेश में विधानसभा का शीत सत्र धर्मशाला के तपोवन में होता है। लिहाजा सुक्खू सरकार का पहला शीतकालीन सत्र धर्मशाला में होगा। हालांकि अभी इसकी तारीख तय नहीं है।

पीएम से कर सकते हैं शिष्टाचार भेंट
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी से शिष्टाचार भेंट कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने दिल्ली में रेजिडेंट कमीशन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए टाइम लेने को कह दिया है। बतौर सीएम सुक्खू की पीएम से यह पहली मुलाकात होगी। फिलहाल अभी पीएम से मिलने के कार्यक्रम तय नहीं है।

मंगलवार को CM सुक्खू ने राजभवन जाकर राज्यपाल आर्लेकर से भी शिष्टाचार भेंट की थी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री सुक्खू ने राजभवन जाकर राज्यपाल आर्लेकर से भी शिष्टाचार भेंट की थी।

आज दिल्ली में राजीव शुक्ला से बैठक
सीएम सुक्खू और कांग्रेस के सभी विधायक आज दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। आज शाम को कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने दिल्ली में सभी विधायकों के लिए डिनर रखा है। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू कैबिनेट विस्तार को लेकर राजीव शुक्ला से चर्चा कर सकते हैं। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।

कल भारत जोड़ो यात्रा में जाएंगे
कल सीएम सुखविंदर सुक्खू, प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित सभी कांग्रेस विधायक राजस्थान के अलवर जाएंगे। यहां पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के 100वें दिन सभी पैदल चलेंगे। 17 को वापस दिल्ली लौटेंगे। 2 दिन में पार्टी हाईकमान, पीएम व केंद्रीय मंत्रियों से मिल सकते हैं।

खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो

Share the news