
शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपए की बढ़ोतरी की है। इस बार गेहूं की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। गौर हो कि बीते वर्ष किसानों से 2425 रुपए प्रति क्विंटल के एमएसपी पर गेहूं की खरीद की गई थी, लेकिन अब प्रदेश सरकार ने एमएसपी बढ़ाकर 2585 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। गेहूं खरीद केंद्रों में अप्रैल माह में किसानों से गेहूं की खरीद शुरू हो जाएगी। जल्द ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की गेहूं खरीद को लेकर अहम बैठक भी आयोजित की जाएगी। किसानों से गेहूं की खरीद के लिए 11 केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें धौलाकुआं, एपीएमसी पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, एपीएमसी रामपुर, मार्केट यार्ड टकारला जिला ऊना, मार्केट यार्ड नालागढ़, मलपुर बद्दी, अनाज मंडी फतेहपुर, मीलवां इंदौरा, रियाली, नगरोटा बगबां, सब्जी मंडी बैजनाथ, जिला कांगड़ा शामिल हैं।
किसानों को एचपीएपीपीपी डॉट एन आईसी डॉट इन पोर्टल पर जाकर अपनी फसल का ब्यौरा भरने के बाद किसानों का पंजीकरण करना होगा। प्रदेश के किसान खाद्य आपूर्ति विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने के बाद किसानों को गेहूं की फसल बेचने के लिए टोकन नंबर और तिथि बताई जाएगी। पोर्टल पर बताई गई तिथि के अनुसार किसान गेहूं खरीद केंद्र में जाकर टोकन नंबर के साथ अपनी फसल बेच पाएंगे। एक मोबाइल नंबर पर एक ही पंजीकरण संभव है। उधर, खाद्य आपूर्ति विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम का कहना है कि इस बार किसानों से 2585 प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य के हिसाब से गेहूं खरीद की जाएगी। मार्च से गेहूं की खरीद के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी।





