हिमाचल में 10273.82 लाख रुपये से बनाई जाएंगी 18 नई सड़कें और पुरानी सात सड़कों की होगी मरम्मत : विक्रमादित्य सिंह

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

28 मार्च 2023

हिमाचल प्रदेश में 10273.82 लाख रुपये से 18 नई सड़कें बनाई जाएंगी और पुरानी सात सड़कों की मरम्मत होगी। 25 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को नाबार्ड की परियोजना आंतरिक स्वीकृति समिति की मंगलवार को शिमला में हुई 117वीं बैठक में वित्तीय ऋण देने को मंजूरी दी गई। मंडी, शिमला, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर और चंबा की सड़कों को वित्तीय ऋण दिया गया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद यह पहला बड़ा बजट जारी हुआ है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया है कि आरआईडीएफ के तहत राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक ने यह राशि मंजूर की है।

आगामी 30 दिनों के भीतर इन सड़क परियोजनाओं को अंतिम रूप देकर इन पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण और इनके रखरखाव के प्रति गंभीर है। ग्रामीण विकास और इसकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना उनका प्रमुख लक्ष्य भी है। इसके लिए प्रदेश में सड़क निर्माण व उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news