# हिमाचल में आठ दिन खराब रहेगा मौसम #इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट |

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

18 जनवरी 2023

हिमाचल प्रदेश में आठ दिनों तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान शिमला समेत आठ जिलों में तीन दिन भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज रात से पश्चिमी विक्षोभ राज्य में सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 18 की रात से 20 जनवरी तक जिला चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा, मंडी और शिमला में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इस अवधि के दौरान निचले व मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का प्रभाव हिमाचल में देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से 21 से 26 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी बढ़ने की संभावना है। इसके तहत 24 से 26 को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू के साथ शिमला, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर व आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी हो सकती है। शिमला शहर में भी भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश में आज भी मौसम खराब बना हुआ है।
स्थानीय लोगों, पर्यटकों को संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने जिला प्रशासन शिमला, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा से मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए पर्यटकों की आवाजाही पर भी निगरानी रखने का अनुरोध किया है।
सोलंगनाला में सैलानी।


पर्यटकों को अटल टनल रोहतांग, हामटा, जलोड़ी दर्रा, सोझा तथा चंद्रखणी सहित अन्य संवेदनशील पर्यटन स्थलों की ओर आवाजाही नहीं करने को लेकर एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त जिला लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने कहा कि अगले एक-दो दिन को छोड़कर पूरे सप्ताहभर मौसम खराब रहेगा।

ऐसे में आम नागरिकों व पर्यटकों से ऊंचाई वाले इलाकों व अनावश्यक यात्रा करने से बचे और अपने घरों में सुरक्षित रहे। उन्होंने पर्यटन कारोबार करने वाले कारोबारियों, होटलियर्स, ग्राम पंचायत प्रधान, सरकारी व गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स के साथ पैदल यात्रियों से अनुरोध है कि वह मौसम की स्थिति देखकर ही आवाजाही करें।
Share the news