
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
27 सितंबर 2024
हिमाचल में आगामी 24 घंटे बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। हिमाचल में मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है मौसम विज्ञान केंद्र ने फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है। सात जिलों में इस चेतावनी का असर रहने वाला है। जिन जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है उनमें कांगड़ा, चंबा, सिरमौर, सोलन, कुल्लू, शिमला और मंडी शामिल हैं। इन जिलों में अलर्ट के बाद राज्य आपदा प्रबंधन विभाग भी सतर्क हो गया है। सभी जिला प्रशासन को भूस्खलन समेत अन्य मुश्किलों से निपटने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस चेतावनी का असर शुक्रवार 11:30 बजे तक रहेगा। इस दौरान तेज बारिश से बाढ़ के हालात बन सकते हैं। सबसे बड़ी मुश्किल खड्डों और नालों के बेहद करीब रहने वालों को झेलनी पड़ सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बारिश की वजह से खड्डों का पानी उफान पर होगा। इससे बड़ा नुकसान हो सकता है। इसके अलावा बादल फटने की घटनाएं भी हो सकती हैं। प्रदेश में मौसम विभाग ने यलो अलर्ट की चेतावनी को एक और दिन के लिए बढ़ा दिया है। जबकि शुक्रवार सुबह तक ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है। इसमें कांगड़ा, सोलन और सिरमौर तीन जिले प्रभाव के दायरे में आएंगे। जबकि सात जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें चंबा, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और शिमला शामिल है। किन्नौर और लाहुल-स्पीति में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को भी कई जिलों में भारी बारिश का असर देखने को मिला है। बीते चौबीस घंटे के दौरान 71 सडक़ें बंद हुई हैं।





