#डोर टू डोर संपर्क करेंगे सभी प्रत्याशी मतदान के दिन पहले *

हिमाचल में चुनाव प्रचार का शोर थमा, अब डोर टू डोर जाएंगे प्रत्याशी

हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 413 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 12 नवंबर को होने वाले चुनाव में इनके भविष्य का फैसला होगा। प्रदेश भर में 7,881 मतदान केंद्रों में  मतदान होगा। 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होने हैं।

हिमाचल प्रदेश सत्ता संग्राम 2022।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

10 नवंबर 2022

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार शाम 5:00 बजे से प्रचार का शोर थम गया है। अब प्रचार थमने के बाद अब मतदान के दिन से पहले तक सभी प्रत्याशी बिना किसी शोर-शराबे के डोर टू डोर संपर्क करेंगे। इसी के साथ ही संबंधित विधानसभा क्षेत्र में मौजूद गैर मतदाता स्टार प्रचारकों और राजनीतिक हस्तियों का बाहर जाना शुरू हो गया है। प्रचार के अंतिम दिन सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से लेकर निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी।  उधर, साइलेंट प्रचार के 72 घंटों के दौरान मतदाताओं को किसी भी तरह के प्रलोभन या भय के जरिये प्रभावित करने की कोशिशों पर अंकुश लगाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी चुनाव वाले जिलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और रिटर्निंग अधिकारियों के अलावा ऑब्जर्वरों को विशेष निगरानी करने और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। चुनाव प्रचार संपन्न होने के साथ ही गुरुवार से दूरदराज के इलाकों में पोलिंग पार्टियां रवाना होना शुरू हो गई हैं।  वहीं, 10 नवंबर शाम 05:00 बजे से 12 नवंबर की शाम 05:00 बजे तक शराब की विक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

413 प्रत्याशी चुनाव मैदान में 
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 413 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 12 नवंबर को होने वाले चुनाव में इनके भविष्य का फैसला होगा। प्रदेश भर में 7,881 मतदान केंद्रों में  मतदान होगा। 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होने हैं।

55,07,261 मतदाता वोट डाल सकेंगे
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार  55,07,261 मतदाता वोट डाल सकेंगे। निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। 18-19 साल के 69,781 मतदाता वोट डालेंगे। यानी ये नए वोटर होंगे। इनकी प्रतिशतता 46 से बढ़कर अब 75 फीसदी हो गई है। मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। वोटरों में 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला और 37 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़कर 56001 हो गई है। इनमें 1470 की वृद्धि हुई है।

जनसंख्या का लिंगानुपात 976 की तुलना में मतदाताओं का लिंग अनुपात 978 से बढ़कर 981 हो गया है। 1,63,925 नए मतदाता पंजीकृत किए गए हैं।  16 अगस्त 2022 को चुनाव विभाग ने मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन के समय राज्य में 53,88,409 मतदाता पंजीकृत थे। फोटो मतदाता सूची के संशोधन के बाद मृत्यु, स्थानांतरण और पंजीकरण के दोहराव के कारण 45,073 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। मतदाता सूची में 1,18,852 मतदाताओं की वृद्धि हुई है, जो 2.21 फीसदी है। मतदाता सूची को भी अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है। अब तक राज्य में 67,532 सेवा मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

सुलह में सबसे ज्यादा, लाहौल में सबसे कम मतदाता 
कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,04,486 मतदाता हैं। लाहौल और स्पीति विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 24,744 मतदाता हैं। सभी मतदाता सूचियां वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से सूची में पंजीकृत अपने नाम का निरीक्षण कर सकते हैं। यदि सूची में उनका नाम नहीं है या बदलाव की आवश्यकता हो तो फार्म-6 और फ ार्म-8 के माध्यम से सुधार किया जा सकता है।

चुनाव के लिए कब क्या हुआ
भारतीय निर्वाचन आयोग ने 17 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी की। अधिसूचना जारी होने के बाद पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। प्रत्याशियों ने 25 अक्तूबर तक दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र किए।  नामांकन पत्रों की छंटनी 27 अक्तूबर को सुबह 11:00 हुई। 23 और 24 अक्तूबर को अवकाश के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सके। अधिसूचना के अनुसार 29 अक्तूबर को दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए गए। विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया 10 दिसंबर को पूरी होगी।  लोगों की सुविधा के लिए राज्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में टोल फ्री नंबर 1800-332-1950 रहेगा। जिलों के लिए टोल फ्री नंबर 1950 है। विधानसभा चुनाव में करीब 13,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जाएगा।

Share the news