नगर निगम सोलन शहर के वार्ड क्षेत्रों में खाली पड़ी जमीन को मिनी पार्क के रूप में करेगा विकसित

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 फरवरी 2023

सोलन नगर निगम सोलन शहर के वार्ड क्षेत्रों में खाली पड़ी जमीन को मिनी पार्क के रूप में विकसित करेगा। शहर के अधिकतर वार्डों में वर्षा शालिका की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों को धूप और बारिश की स्थिति में परेशानी झेलनी पड़ती है इसी तरह शहर तक पहुंचने में भी  नागरिकों को वर्षा शालिका और बेंच की सुविधा नहीं होने से खासी दिक्कतें पेश आती है। नगर निगम महापौर ने सभी पार्षदों से अपने वार्डों में खाली पड़ी जमीन की रिपोर्ट मांगी है जिसमें मिनी पार्क तैयार किए जाएंगे। वर्तमान में शहर के आठ नंबर वार्ड में मिनी पार्क का कार्य पूरा हो गया है। जल्द ही इसकी सुविधा लोगों को मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे पहले मिनी पार्क की जगह वार्ड नंबर आठ के प्रवेश द्वार पर गंदगी और अवैध पार्किंग रहती थी।

पार्क के निर्माण से यहां पर पर्यटकों समेत वरिष्ठ नागरिकों को बैठने का स्थान मिलेगा। पर्यटक आई लव सोलन सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवा सकेंगे। इसके अलावा पार्क के सौंदर्यकरण के लिए इसमें गुलाब के फूल भी लगाए जाएंगे। इससे कॉलोनी के लोगों को बारिश और धूप में परेशान नहीं होना पड़ेगा। साथ ही बच्चों को खेलने की सुविधा भी होगी। वार्ड आठ में पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 19 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री पार्क का शुभारंभ करेंगे। शहर के अन्य वार्डों में भी मिनी पार्क तैयार करने की योजना है, जिसके लिए सभी पाषर्दों को खाली जगह का चयन करने के लिए कहा गया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news