
दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत पट्टा नाली के गांव शलगा में आपदा से प्रभावित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के 20 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने गांव में राशन डिपो का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के कठिन समय में प्रदेश सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी। इसी के चलते शलगा गांव में विद्यालय भवन का पुनर्निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं तथा क्षतिग्रस्त सड़कों, विद्यालयों और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जा रहा है।
रामकुमार चौधरी ने बताया कि दून विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों के दौरान करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं। इनमें सड़क सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा संस्थानों का उन्नयन और पेयजल योजनाओं का विकास शामिल है। साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं, जो क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उनके घर-द्वार पर मिल सकें। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा ऐतिहासिक सुधार किए जा रहे हैं और पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू की गई है, जिससे ग्रामीण विद्यार्थियों को भी प्रतिस्पर्धी शिक्षा का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि दून क्षेत्र के तीन विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न लागू किया गया है और भविष्य में अन्य विद्यालयों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
इस मौके पर विधायक ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय शलगा के खेल मैदान के विस्तारीकरण का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने शलगा गांव में आयोजित छींज मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह, पूर्व प्रधान हेमचंद कश्यप, लता तंवर, भूप सिंह, घनश्याम कंवर, सतकौर कश्यप, नंबरदार विनोद कश्यप, एसएमसी अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।





